कटनी(उमरियापान) उमरियापान थाना क्षेत्र के पकरिया गांव के पास मंगलवार की सुबह लगभग 8 बजे बस पलट गई। जिसमें सवार लगभग 30 लोग घायल हो गए। हादसे में खुडावल निवासी 20 वर्षीय आशू कोल पिता फूलचंद कोल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है मृतक अपने पिता का इकलौता बेटा था। घायलों को घटनास्थल के समीप उमरियापान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी-20, पीए 2177 को शहडोल में होने वाले राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए नागरिकों को जबलपुर प्रशासन की तरफ से कंजई बुढागर, खुडावल से शहडोल रैली में शामिल होने भेजा गया था। उमरियापान थाना क्षेत्र के सिहोरा रोड पर पकरिया गांव के पास अंधे मोड पर सुबह 8 बजे बस बेकाबू होकर पलट गई। जिसमें सवार करीब 30 लोग घायल हैं। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान में दाखिल कराया गया है। हादसे की खबर लगते ही उमरियापान पुलिस सहित स्थानीय लोगों ने घायलों को उमरियापान अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही पूर्व मंत्री एवं पाटन विधायक अजय विश्नोई, कलेक्टर अवि प्रसाद, एसपी सुनील जैन, एसडीओपी मोनिका तिवारी, एसडीएम नदीमी शीरी, तहसीलदार प्रियंका नेताम सहित अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
हादसे में यह हुए घायल
हादसे में रेखा बाई पति सुभाष कोल उम्र 32 निवासी धनगवां, रामहर्षन सिंह पिता गोकुल सिंह 35 वर्ष, राजेश पिता धनीराम मिश्रा उम्र 36 वर्ष खुडावल निवासी, श्यामलाल देवी सिंह उम्र 60 वर्ष, राकेश पिता माधव सिंह उम्र 35 वर्ष, नंदू पिता बसोरी कोल, सुहद्रा बाई हुकुमचंद गडारी 65 वर्ष, राजेंद्र पिता रमेश कोल 25 वर्ष, शंभू दयाल पिता हंसराम 23 वर्ष, कैलाश पिता अठई कोल 14 वर्ष, गोविंद पिता धनीराम गडारी 55, अंशों बाई पति गोविंद 50 वर्ष, उमाबाई सुखराम गडारी 55 वर्ष, सुखचैन पिता इन्द्र सिंह 53 वर्ष, हुकुमचंद पिता सुंदरलाल गडारी 65 वर्ष, दीपक ठाकुर पिता अशोक सिंह 21 वर्ष, ओम बाई पिता शम्भू गडारी 40 वर्ष, शिवम् पिता गोपाल सिंह 20 वर्ष मुकेश सिंह पिता सम्पत सिंह 28 वर्ष, सन्तू पिता गुलाब कोल 23 वर्ष, गोविंद पिता घनश्याम सिंह 63 वर्ष, शंकर पिता मिठू लाल 55 वर्ष, जवाहर सिंह पिता तिलक सिंह 18 वर्ष, दन्नू पिता हसर कोल 59 वर्ष, आरती बाई पति श्यामलाल 45 वर्ष , देवानंद पिता नरेंद्र 50 वर्ष, राधा पिता गुड्डू 23 वर्ष, मोहन पिता बाबूलाल यादव 55 वर्ष, योगेन्द्र पिता लाल सिंह 45 वर्ष में घायल हुए हैं। जिनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान में इलाज किया जा रहा है। वहीं कुछ घायलों को मामूली चोटें होने पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
अंधेमोड पर कई दफा हो चुके हैं हादसे
बताया जाता है पकरिया के समीप अंधे मोड पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके पहले यहां टैंकर पलट गया था। अंधे मोड पर लगातार हो रहे हादसों के बाद भी पीडब्लूडी विभाग को यहां सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाने की सुध नहीं है।
भावुक हुए कलेक्टर अस्पताल पहुंचने पर कलेक्टर एसपी ने घायलों से मुलाकात की एवं मृतक आशू की मां को गले लगा कर भावुक हो गए।